ELECTION BIG NEWS : आज होगा नीमच नगर पालिका अध्यक्ष के भाग्य का फैसला, भाजपा ने तय किया नाम!, कांग्रेस भी उतारेगी अपना दावेदार, जाने किसके सिर सजेगा नपा का ताज, पढ़े डेस्क इंचार्ज महावीर सैनी की ये खास रिपोर्ट
नीमच। प्रदेश सहित नीमच जिले में भी नगरीय निकाय चुनाव संपन्न हो चुके हैं। स्थानीय स्तर का चुनाव होने से मतदाताओं ने भी अपने-अपने वार्ड की सरकार को चुना। अब नीमच नगर पालिका अध्यक्ष के लिए आज 6 अगस्त को चुनाव होना है। इस दिन जनता द्वारा चुनकर भेजे गए 40 वार्डों के पार्षद मिलकर अध्यक्ष के भाग्य का फैसला करेंगे।
नीमच जिला राजस्थान का सीमावर्ती जिला है। इस जिले ने प्रदेश को दो मुख्यमंत्री दिए हैं। दोनों ही मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से रहे हैं। यहीं कारण है कि नीमच जिले को भाजपा का गढ़ माना जाता है। जनता ने भी त्रि स्तरीय व नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को बढ़त दिलाई है। नीमच नपा के 40 वार्डों में 23 पार्षद सीधे तौर पर भाजपा के चुने गए हैं। वहीं 3 पार्षद निर्दलीय चुनाव जीतकर आए हैं। यह भी भाजपा समर्थित है। जबकि कांग्रेस को 14 सीट पर ही संतोष करना पड़ा है।
अब से कुछ देर में साफ होगी भाजपा व कांग्रेस के दावेदारों की स्थिति-
नपा चुनाव के बाद आज 6 अगस्त को होने वाले अध्यक्ष के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 5 उम्मीदवार मैदान में है। इनमें रंजना करण सिंह परमाल, स्वाति गौरव चौपड़ा, वंदना खंडेलवाल, छाया जायसवाल व किरण शर्मा शामिल है। राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो इनमें से एक नाम पर पार्टी ने अंतिम मुहर लगा दी है। सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल होने के दौरान यह स्थिति भी सबके सामने होगी।