नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो इन दिनों मालवा-मेवाड़ के अफीम किसानों की अफीम का तौल कर रहा है। नीमच में 1 अप्रैल से काश्तकारों की अफीम का कनावटी रोड के नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित होटल आम्रपाली रिसोर्ट में तोल किया जा रहा है। इसके अलावा मंदसौर, रतलाम व चित्तौड़गढ़ जिले में भी अफीम का तोल चल रहा है। अब नारकोटिक्स विभाग ने शुक्रवार से नीमच- 1 व गरोठ में सीपीएस पद्धति के किसानों से डोडे की खरीदी भी शुरू कर दी है। दोनों स्थानों पर बनाए गए केंद्रों पर सीपीएस पद्धति के किसानों से डोडों की खरीदी की जा रही है।
नई तकनीक से आई पारदर्शिता-
इस वर्ष अफीम एवं क्षारोद कारखाना ने किसानों की अफीम की गाढ़ता परीक्षण का परिणाम स्पष्ट करने के लिए नई तकनीक अपनाई है। इस नई तकनीक से किसान भी वेबसाइट पर जाकर स्वयं अपनी अफीम की गाढ़ता की स्थिति का पता कर सकते हैं। इस नई तकनीक से परीक्षण के रिजल्ट में पारदर्शिता आई है।