नीमच। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने रविवार को सी.आर.पी.एफ. कैम्पस नीमच में शौर्य दिवस मनाया। इसका शुभारम्भ प्रातः क्वार्टर गार्ड पर उपस्थित वरिष्ठतम अधिकारी ग्रुप केंद्र के डी.आई.जी. एस.एल.सी. खूप तथा कैम्पस स्थित अन्य सभी संस्थानों से वरिष्ठ अधिकारियों ने रण ऑफ कच्छ से लाई गई, परम पावन माटी से भरे पवित्र क्लश पर माल्यार्पण कर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी क्रम में शहीद लांस नायक मेघराज सैनी को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2, नीमच स्थित स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इससे पूर्व में शौर्य सप्ताह के अन्तर्गत 4 व 6 अप्रैल को नीमच शहर के भारत माता चौराहा व सीआरपीएफ के मुख्य प्रवेश द्वार सरदार गेट पर सीआरपीएफ बैण्ड का प्रदर्शन भी किया गया।
स्मरण रहे कि, आज ही के दिन 09 अप्रैल 1965 को पाकिस्तानी आर्मी ने ऑपरेशन डेजर्ट हॉक चलाकर, भारतीय सीमा में रण ऑफ कच्छ (गुजरात) पर आक्रमण किया। सी.आर.पी.एफ. की द्वितीय बटालियन की महज 2 कम्पनियां सरदार एवं टॉक पोस्ट पर तैनात थीं। 09 अप्रैल 1965 को अल सुबह लगभग 0330 बजे पाकिस्तानी सेना की पूरी ब्रिगेड ने अपनी पूर्ण सैन्य शक्ति के साथ, भारतीय पोस्ट पर हमला कर दिया। इस हमले में द्वितीय बटालियन के जवानों ने अत्यधिक वीरता, बहादुरी एवं अदम्य साहस का परिचय दिया तथा 12 घण्टे तक पाकिस्तानी इन्फन्ट्री बिग्रेड से कड़ा मुकाबला कर, पाकिस्तानी सेना को पीछे हटने पर विवश कर दिया। इस युद्ध में पाकिस्तानी सेना अपनी संख्या बल एवं युद्ध साजो-सामान में बेहतर होने के बावजूद, हमारे जवानों के बुलंद हौसले, वीरता एवं साहस के सामने दोबारा हमला करने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। इस युद्ध में पाकिस्तानी सेना के 34 सैनिकों को मार गिराया गया, तथा चार को जिंदा पकड़ लिया गया। इस घटना में सी.आर.पी.एफ. के आठ जवान देश की रक्षा करते हुए शहादत को प्राप्त हुए और लगभग 19 जवानों को पाकिस्तानी आर्मी ने बंदी बनाया। इसलिए भारतीय पुलिस के इतिहास में ही नहीं अपितु सैन्य युद्ध के इतिहास में, इस दिन का विशेष महत्व स्वीकारा गया है।
इसी उपलक्ष्य में ग्रुप केंद्र के मेहता स्टेडियम में सायंकाल को वॉलीबाल मैच का शानदार आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अपनी वीरता, बहादुरी और अदम्य साहस के लिए राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक से नवाजे जा चुके और सी.आर.पी.एफ. के गौरव रहे नीमच जिले के वीरता पदक विजेता भूतपूर्व निरीक्षक (जीडी) विष्णु जायसवाल को सादर आमंत्रित किया गया जिन्हें ग्रुप केंद्र के डी.आई.जी. एस.एल.सी. खूप ने सम्मान स्वरूप शाल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस वॉलीबाल मैच में सी.टी.सी. नीमच की टीम विजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीम सहित उत्कृष्ट प्रर्दशन करने वाले खिलाड़ियों को ग्रुप केंद्र नीमच द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर कैम्पस स्थित कार्यालयों/ संस्थानों के बीच आयोजित निबंध लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले, प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। सभी खिलाडियों का हौसला हफजाई करने के लिए ग्रुप केंद्र के डी.आई.जी. एस.एल.सी. खूप चतुर्थ बेतार बटा. के कमांडेंट अनुराग राणा, सी.टी.सी. के कमांडेंट वेद प्रकाश सहित सभी संस्थानों के राजपत्रित अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं भारी संख्या में जवान मौजुद रहें।