नीमच।देश में बढ़ते कोरोना के मामलों को मद्देनजर रखते हुए नीमच जिला चिकित्सालय में आज सावधानी बरतने के उद्देश्य से माकड्रील का आयोजन किया गया। दरअसल जिला चिकित्सालय में आज यहां स्टाफ द्वारा माक ड्रील कर कोरोना से लड़ने के सामर्थ्य को परखा गया। इस दौरान जिस तरह से कोरोना के मरीज को लाया जाता है उसी प्रकार से एंबुलेंस में एक व्यक्ति को मरीज के रूप में लाया गया। डॉक्टर एवं जिला चिकित्सालय के स्टाफ ने पीपीई किट पहनकर यहां उपस्थित चिकित्सकों ने आवश्यक सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया। डॉक्टर मनीष यादव ने बताया कि देश में कोरोना की आशंका को देखते हुए जिला चिकित्सालय में इससे जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए माक ड्रिल का आयोजन किया गया है। जिला चिकित्सालय में आईसीयू एवं जनरल वार्ड में बेड तथा ऑक्सीजन की समुचित व्यवस्था है। ऑक्सीजन के तीनों प्लांट सुचारू रूप से चल रहे हैं। क्वालिटी भी मानक अनुसार है। दवाइयों का स्टॉक भी आवश्यक मात्रा में है। माक ड्रिल के दौरान डॉ मनीष यादव, डॉक्टर महेंद्र पाटील, जिला चिकित्सालय का नर्सिंग और मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।