नीमच। मध्यप्रदेश में पिछले दो दिनों से मौसम बदला हुआ है। राजस्थान में एक्टिव हुए चक्रवात की वजह से रविवार को प्रदेश के सागर में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। वहीं भोपाल में हल्की बूंदाबांदी हुई। छिंदवाड़ा में भी ओले गिरे। बालाघाट में एक घंटे तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज सोमवार को तीसरे दिन भी भोपाल में देर शाम बूंदाबांदी होने के आसार जताए हैं। वहीं नर्मदापुरम, खंडवा, बुरहानपुर और रायसेन में भी बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग की मानें तो मार्च के बाद अब अप्रैल में भी बेमौसम बारिश का यह क्रम रूक-रूककर बना रहेगा। राजस्थान में चक्रवात के एक्टिव होने से यह स्थिति प्रदेश में 15 अप्रैल तक रहेगी। एमपी के कई जिलों रविवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। कई जगह ओले भी गिरे। आज सोमवार को भोपाल में देर शाम तक बूंदाबांदी होने की संभावना बन रही है। इसके बाद दिन मौसम साफ रहेगा और 13 अप्रैल से फिर बादल छाएंगे। ऐसा ही प्रदेश के नर्मदापुरम, बुरहानपुर, रायसेन और खंडवा में भी देखने को मिल सकता है। बाकी शहरों में सूरज के तेवर तीखे देखने को मिल सकते हैं। अगले दो दिन 11 और 12 अप्रैल को भी प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं। नीमच, मंदसौर व रतलाम सहित मालवा के कई जिलों में मौसम साफ रहेगा।