नीमच। नगर पालिका नीमच के राजस्व विभाग में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। राजस्व विभाग की छत खस्ताहाल स्थिति में हैं। कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है। यहां की छत जगह-जगह से उखड़ चुकी है। आज भी कार्यालय में छत से सीमेंट के प्लास्टर के थेपड़े नगर पालिका के कर्मचारी हेमंत सिसोदिया के सिर पर आ गिरे। जिससे वे चोटिल हो गए। यह तो शुक्र रहा कि वह टुकड़ा खड़ी स्थिति में उनके सिर पर नहीं गिरा, अन्यथा गंभीर स्थिति बन सकती थी। छत की हालत बता रही है कि कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।
हमारे संवाददाता जब राजस्व कार्यालय पहुंचे तो वहां पाया कि शहर के लोगों के संपत्तियों के बेशकीमती दस्तावेज गठरियो में पैक होकर खुले में पड़े हैं। पिछले दिनों ही नगरपालिका में आगजनी की घटना हो चुकी है। खुदा न खास्ता ऐसी कोई घटना की पुनरावृत्ति इस कार्यालय में हो जाए तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितना बड़ा नुकसान व लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। स्वयं राजस्व विभाग के अधिकारी टेकचंद बुनकर ने इस हालात पर इत्तेफाक रखते हुए जल्द ही सुधार की बात कही।