मंदसौर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एके नकुम ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत मिशन परिवार विकास पकवाड़ा दिनांक 11 से 25 अप्रैल 2023 तक आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जन समुदाय में परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थाई साधनों के संबंध में जागरूकता लाई जाएगी। स्थाई साधनों के अंतर्गत जिले की 9 स्वास्थ्य संस्थाओं को महिला नसबंदी हेतु निश्चित दिवस के लिए चिन्हित किया गया है सिविल हॉस्पिटल भानपुरा प्रति शुक्रवार , सिविल हॉस्पिटल गरोठ प्रति सोमवार एवं बुधवार , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामगढ़ प्रति गुरुवार , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुवासरा प्रति गुरुवार , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतामऊ प्रति बुधवार , प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाहरगढ़ प्रति सोमवार , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगढ़ प्रति शनिवार , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धुंधडका प्रति गुरुवार एवं जिला चिकित्सालय मंदसौर प्रतिदिन महिला नसबंदी की सुविधा उपलब्ध रहेगी ।
अस्थाई साधनों में पीपीआईयूसीडी जिले के 33 डिलीवरी केंद्रों में लगाने की सुविधा उपलब्ध है। अंतरा इंजेक्शन परिवार कल्याण का अस्थाई साधन है जो 3 माह के अंतराल से महिलाओं को लगाया जाता है जिसकी सुविधा जिला चिकित्सालय मंदसौर एवं जिले के 07 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं 02 सिविल हॉस्पिटल में अंतरा इंजेक्शन लगाने की सुविधा रहेगी।
डॉ सतीश गौड जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मिशन परिवार विकास पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे । जिसमें आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से अस्थाई साधनों का वितरण भी किया जाएगा । जैसे कि ओरल पिल्स, छाया ,निरोध तथा नव दंपतियों को परिवार नियोजन के संबंध में परामर्श दिया जाएगा । सास बहू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे तथा पुरुषों की सहभागिता बढ़ाने हेतु पुरुष सहभागिता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।