नीमच। मटमैला और गंदे पानी की सप्लाई नलों में होने से परेशान वार्डवासियों की समस्या के समाधान हेतु जलकल सभापति छाया जायसवाल आज वार्ड नंबर 12 जवाहर नगर विस्तार पहुंची। जवाहर नगर विस्तार में जगह-जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से वार्ड वासियों को नाली और सिवरेज का गंदा पानी नलों से सप्लाई हो रहा था। जिसे लेकर टाइफाइड, पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत वार्ड के नागरिकों में आम हो रही थी। यह क्रम पिछले 4 महीने से लगातार चल रहा है। इस समस्या से वार्ड वासियों ने पार्षद जीनू मेहता को भी अवगत कराया। वार्ड पार्षद द्वारा भी सीएमओ गरिमा पाटीदार और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा को समस्या के समाधान हेतु अनुरोध किया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगरपालिका के इंजीनियर ओपी परमार तीन चार बार यहां आए, और केवल मुआयना करके चले गए। हमारी परेशानी का कोई निदान नहीं मिला। इसके बाद यह शिकायत छाया जायसवाल के संज्ञान में लाई गई। तत्पश्चात तुरंत एक्शन दिखाते हुए जलकल सभापति छाया जायसवाल आज इंजीनियर ओपी परमार और जल विभाग के अमले के साथ जवाहर नगर विस्तार पहुंची। उन्होंने निर्देश दिया कि जहां जहां से पाइप लाइन डैमेज हुई है उसे हटाकर आज से ही नई पाइप लाइन डालने का काम शुरू किया जाए। छाया जायसवाल ने आश्वस्त किया कि यह कार्य करीब 7 दिन में पूरा कर लिया जाएगा।