नीमच। नगर पालिका डॉग शेल्टर बनाकर एक नवाचार करने जा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा के निर्देशन में जल्द ही भोलियावास स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड पर डॉग शेल्टर का निर्माण होगा। जिसमें करीब 200 से अधिक कुत्तों को रखने की व्यवस्था होगी। विशेष रुप से यहां उल्लेखनीय है कि महानगरों के अलावा डॉग शेल्टर अमूमन बड़े जिलों में भी नहीं है।अब डॉग शेल्टर नीमच में होगा। स्वाति चोपड़ा बीती शाम डॉग शेल्टर के निर्माण हेतु जगह का चयन करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ ट्रैचिंग ग्राउंड पहुंची। जैसा कि ज्ञात है शहर में आवारा कुत्तों के द्वारा नागरिकों पर हमले करने की शिकायत आए दिन आ रही है। इस वजह से महिला और बच्चे घरों से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।डॉग बाइट के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नीमच नगर पालिका द्वारा यह कवायद की जा रही है।इस बारे में नगरपालिका द्वारा पशु प्रेमियों के साथ एक मीटिंग भी की गई थी। डॉग शेल्टर में कुत्तों के लिए खाने और पंखे आदि की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी। निरीक्षण के दौरान ट्रेचिंग ग्राउंड पर स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित,श्याम टांकवाल,अब्दुल नईम और कन्हैयालाल शर्मा आदि मौजूद रहे।