रतलाम। समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में सोमवार को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा विभिन्न विभागों के कार्यक्रमों योजनाओं की समीक्षा की गई। वर्तमान में समर्थन मूल्य पर शासन द्वारा किसानों से गेहूं खरीदी की जा रही है। कलेक्टर ने जिले में की जा रही खरीदी की जानकारी लेते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक को निर्देशित किया कि केंद्रों पर किसानों के लिए व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहे, किसानों के साथ अच्छा व्यवहार हो। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार समस्त संसाधनों की उपलब्धता केंद्रों पर सुनिश्चित की जाए। सीईओ जिला पंचायत जमुना भिड़े, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव तथा जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने जिला केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक आलोक जैन से पूछा कि समर्थन मूल्य पर सहकारी संस्थाओं पर स्थापित केंद्रों में खरीदी के दौरान कई केंद्रों पर तोल कांटे उपलब्ध नहीं होने तथा तुलाई का काम ठीक ढंग से नहीं चलने की शिकायत मिली है, यह घोर लापरवाही है व्यवस्था में तत्काल सुधार करें। चालू ग्रीष्म सीजन के दृष्टिगत कलेक्टर ने जिले में पेयजल उपलब्धता की समीक्षा की। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी पेयजल की समस्या नजर आए तत्काल निराकरण किया जाए।