नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने विभागीय स्तर पर संचालित लायसेन्सिंग और अन्य प्रक्रियाओं की गति को तेज करने और पारदर्शिता लाने के लिए मंगलवार को यूनिफाइड पोर्टल लॉंच किया। केंद्रीय राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा ने नई दिल्ली में इस बहुउपयोगी सेवा का शुभारंभ करते हुए इस सुविधा की सराहना की और कहा कि अगले चरण में इस सुविधा का विस्तार करते हुए अफीम उत्पादकों को भी पोर्टल से जोड़ा जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स विभाग ने विभागीय प्रक्रियाओं को सुगम, गतिशील और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से की यूनिफाइड पोर्टल बनाया है। इसका शुभारंभ मंगलवार को किया गया है। पहले चरण में इस पोर्टल के माध्यम से सभी जरूरी अनुमतियों और लायसेन्स की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जाएगा। इससे पोर्टल से जुडने के बाद आवेदकों को अब नारकोटिक्स विभाग मुख्यालय ग्वालियर आने-जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इस पोर्टल के जरिये सारी स्थितियों का निरीक्षण, अनुमतियां और सम्बद्ध कार्यों की जानकारी आसानी से घर बैठे प्राप्त की जा सकेगी।
मध्यप्रदेश के डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर डॉ. संजय कुमार ने बताया कि विभागीय पोर्टल बनाने के प्रथम चरण की सफलता के बाद अब दूसरे चरण में शीघ्र ही यूनिफाइड पोर्टल से सभी लायसेन्सधारी अफीम किसानों को भी जोड़ा जाएगा। इसका लाभ यह होगा कि अफीम उत्पादक किसानों को मुखिया और विभागीय दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उनको पोर्टल से कनेक्ट होने के बाद लायसेन्स, अफीम परीक्षण और नतीजे सहित अन्य आवश्यक जानकारियां आसानी से मिल सकेंगी।