मंदसौर। पुलिस लाईन में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक का शव शिवना नदी में तैरता हुआ मिला है। इस आरक्षक के परिजनों ने मंगलवार को ही थाने में गुमशूदगी दर्ज कराई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदसौर की पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक रोहित बरकड़े घर से बिना बताए कहीं चला गया था। उसके परिजनों ने थाने में मंगलवार को गुमशूदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस को शिवना नदी में एक व्यक्ति की लाश दिखाई देने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतक युवक की शिनाख्त लापता आरक्षक रोहित बरकड़े के रूप में हुई। इस पर परिजनों को सूचित किया गया और शव को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरू कर दी है।