भवानीमंडी। ब्लॉक के दो विद्यालय सेठ आनंदीलाल पोद्दार उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भीमिनी का पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयन किया गया है। इस योजना में देश भर के 402 विद्यालयों का चयन किया गया। नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत विद्यालय को विश्व स्तरीय बनाया जाएगा। विद्यालय के आधुनिकरण के लिए 2 करोड रुपए से अधिक का कार्य प्रत्येक चयनित विद्यालय में करवाया जाएगा। जिससे प्रत्येक विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे। इस योजना में शिक्षा के क्षेत्र में नवीनतम तकनीक को स्मार्ट शिक्षा स्मार्ट क्लासरूम एवं आधुनिक ढांचागत व्यवस्थाओं से विद्यालय अपडेट रहेंगे।
इस योजना के अंतर्गत विद्यालय में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई होगी। सभी विद्यालय में अत्याधुनिक लैब स्थापित की जाएगी, जिससे विद्यार्थी किताबों के साथ-साथ प्रैक्टिस से भी सीखेंगे प्री प्राइमरी बाल वाटिका एवं प्राइमरी बच्चों के लिए खेल पर फोकस किया जाएगा। गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे बच्चों का शारीरिक विकास हो सके। इस योजना में नई शिक्षा नीति के नियमानुसार शिक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे की बच्चे अधिक से अधिक सीख सके।
कुछ दिनों पूर्व पीएम श्री योजना के अंतर्गत दिल्ली की टीम जिसमें दो सुपर टाइम स्केल आईएएस के साथ कलेक्टर, समाजसेवी भवानीमंडी वेलफेयर ट्रस्ट के ट्रस्टी केके राठी विद्यालय के अवलोकन के समय चर्चा कर स्वीकृति हेतु प्रयास किए थे। प्रधानाचार्य सुरेश मालवीय ने बताया कि भवानी मंडी के लिए और अन्य विद्यालय के लिए पोदार स्कूल मॉडल स्कूल का रोल अदा करेगा। भवानी मंडी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थी भी इसका लाभ उठाएंगे और अच्छी शिक्षा ग्रहण करेंगे। वैसे भी यह विद्यालय संभाग का सर्वाधिक नामांकन वाला विद्यालय है एवं राजस्थान में पांचवें नंबर पर आता है। स्थानीय विद्यालय के परीक्षा परिणाम प्रतिवर्ष शत-प्रतिशत रहते हैं।