नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह ने वॉइस ऑफ एमपी में खबर प्रकाशित होने के बाद एक फोन घुमाया। यह फोन नीमच निवासी हार्ट में ब्लॉकेज की परेशानी से जूझ रहे कमलेश शेखावत की पत्नी रंजना शेखावत के पास आया। इस दौरान सीएम की पत्नी साधना सिंह ने रंजना शेखावत को बताया कि उन्होंने वॉइस ऑफ एमपी की खबर फेसबुक पेज पर देखी। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी से बात की। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत एक्शन लिया और कलेक्टर को निर्देश दिए कि 25000 हजार रूपये की सहायता राशि तत्काल रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से पीड़ित के परिवार तक पहुंचाई जाए। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ममता खेड़े सहित प्रशासनिक अमला कमलेश शेखावत के घर पहुंचा और पीड़ित के हाल-चाल जाने। इसके अलावा पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री की पत्नी साधना सिंह चौहान ने बीपीएल कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य तरह के सहयोग का आश्वासन भी दिया।
वॉईस ऑफ एमपी ने उठाया था मुद्दा-
नीमच शहर के उप नगर बघाना निवासी कमलेश शेखावत हार्ट में ब्लाकेज की परेशानी से जूझ रहे थे। उनकी माली हालत ठीक नहीं थी। उनकी पत्नी रंजना शेखावत भी दोनों पैरों से दिव्यांग है। उनकी एक बेटी है जो चुड़ी की दुकान पर काम करती है। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से कमलेश अपना इलाज नहीं करा पा रहे थे। उन्हें चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन करने की बात कही थी। इस ऑपरेशन में करीब 2 लाख रूपये का खर्चा बताया था। वॉईस ऑफ एमपी को जब पीड़ित परिवार की जानकारी लगी तो प्रमुख ता से समाचार का प्रकाशन किया। वॉईस ऑफ एमपी में खबर लगते ही कई दानदाताओं ने हाथ आगे बढ़ाया और शहर के चौरड़िया अस्पताल में कमलेश का एंज्योप्लास्टी ऑपरेशन सफल हुआ। इसके बाद सीएम की पत्नी साधना सिंह ने भी पीड़ित परिवार की मदद की।
पीड़ित परिवार ने दिया धन्यवाद-
पीड़ित परिवार व कमलेश की पत्नी रंजना शेखावत ने मदद करने वाले सभी दानदाताओं को धन्यवाद दिया है। उनका कहना है कि वॉईस ऑफ एमपी की टीम ने मेरे परिवार की खुशियों को लौटाया है। वॉईस ऑफ एमपी की पूरी टीम की कोशिश से ही आज मेरे पति का सफल ऑपरेशन हुआ है। वर्तमान में उनकी तबियत भी ठीक है। मैं दिल से वॉईस ऑफ एमपी की टीम व दानदाताओं को सहयोग के लिए धन्यवाद देती हूं।