नीमच। कैंट पुलिस ने वाहन चोर गिरोह की धरपकड़ अभियान के अंतर्गत आरोपी चित्तौड़ निवासी सद्दाम को कोर्ट मोहल्ला नीमच सिटी से गिरफ्तार कर वाहन चोरी का बड़ा मामला पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। आरोपी सद्दाम के कब्जे से प्रदेश और राजस्थान से चोरी की गई छह मोटरसाइकिलें बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालटोली निवासी फरियादी जितेंद्र अहीर की हौंडा शाइन मोटरसाइकिल एमपी 44 एम आर 4913 27 मार्च को चोरी हो गई थी। जिस पर कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एडिशनल एसपी सुंदर सिंह कनेश ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर साइबर सेल और मुखबिर की सूचना के आधार पर सद्दाम पिता सिद्दीक पठान उम्र 23 वर्ष जो कि कच्ची बस्ती गांधीनगर चित्तौड़गढ़ का रहने वाला है और फिलहाल नीमच सिटी में रहता है, उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने गाड़ियां चोरी करना कुबूल किया। सद्दाम के पास से दो हौंडा शाइन, 3 हीरो हौंडा स्प्लेंडर और एक टीवीएस मोटरसाइकिल बरामद की है। यह गाड़ियां सद्दाम ने मध्यप्रदेश और राजस्थान से चोरी की है। मोटरसाइकिल की कुल कीमत 400000 बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ धारा 379 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस पूरे अभियान में उप निरीक्षक शिशुपाल सिंह गौर, सहायक उपनिरीक्षक कैलाश कुमरे, प्रधान आरक्षक आदित्य गौड़, विरेंद्र सिंह तोमर, आरक्षक लक्की शुक्ला, गणेश मालेचा, श्रीपाल सिंह चंद्रावत, साइबर सेल के प्रदीप शिंदे, कुलदीप सिंह और लखन प्रताप सिंह की सराहनीय भूमिका रही है। पुलिस सद्दाम से गहनता से पूछताछ कर और घटना का पता लगाने में जुटी है।