सीहोर। भोपाल संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने इछावर में समर्थन मूल्य पर गेंहू खरीदी के लिए बनाए गए उपार्जन केन्द्रों, मण्डी में नीलामी कार्यों, मनरेगा के तहत चल रहे निर्माण कार्याे तथा जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूति कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर गेंहू खरीदी कार्य का जायजा लिया तथा किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। संभागायुक्त भयड़िया ने ग्राम भाऊखेड़ी स्थित वंशिका वेयर हाउस, उपार्जन केन्द्र खैरी सहित अन्य उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली और उपार्जन कार्य में लगे वेयर हाउस संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए।
संभागायुक्त भयड़िया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल विक्रय में कोई परेशानी न हो और उन्हें फसल विक्रय का भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए की गई सुविधाएं बैठने के लिए छायादार स्थल, पेयजल व्यवस्था, गोदाम पर ऑफिस के लिए कुर्सी, टेबिल, कंप्यूटर सिस्टम, उपार्जित गेहूं की क्वालिटी, नमी की मात्रा की जांच-पड़ताल के साथ ही भुगतान आदि की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटों के चालू अवस्था में होने, सही तौल करने तथा सर्वेयर से गेहूं में नमी की मात्रा की जांच-पड़ताल भी की। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त भयड़िया को इछावर एसडीएम विष्णु यादव ने इछावर जनपद के उपार्जन केन्द्रों की सभी गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी, जिला आपूर्ति अधिकारी सुनील कुमार बोहित, इछावर जनपद सीईओ शिवानी मिश्रा, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश चन्देल, रेशमा भामौर सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।
इछावर मण्डी में नीलामी कार्य का किया निरीक्षण-
संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने कृषि उपज मण्डी इछावर में गेहूं एवं चना के नीलामी कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मण्डी प्रशासन को किसानों की उपज का सही तौल कराने और फसल का भुगतान भी समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल लेकर मण्डी आने वाले किसानों के लिए मण्डी में सभी आवश्यक सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाए।
अमृत सरोवर के तहत चल रहे निर्माण कार्य का किया निरीक्षण-
संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने भाऊखेड़ी में जनपद पंचायत अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखी और निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण नही होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एक माह के भीतर निर्माण कार्य में सुधार के लिए जनपद सीईओ और सहायक यंत्री को निर्देश दिए। उन्होंने खैरी में भी अमृत सरोवर के तहत चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बिछौली में पेयजल आपूर्ति कार्य का किया निरीक्षण-
संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने ग्राम बिछौली में जल जीवन मिशन अंतर्गत पेजयल आपूर्ति के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों से चर्चा कर किए जा रहे पेयजल आपूर्ति के बारे में जानकारी ली।