रतलाम। बीते वित्तीय वर्ष 2022-23 में रतलाम जिले में विधायक स्वेच्छा अनुदान योजना से पांच विधायको द्वारा अपनी निधि से 1250 लाख रुपए विभिन्न कार्याे हेतु स्वीकृत किए गए हैं। राशि सीधी हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर की गई।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जिले की प्रत्येक विधानसभा से 50 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। जिले की 5 विधानसभा के मान से कुल 1250 लाख रुपए की राशि विधायकगणों की अनुशंसा पर जारी की गई है।जिला योजना अधिकारी बी.के. पाटीदार ने बताया कि विधायक स्वेच्छा अनुदान से 810 निर्धन व्यक्तियों को 47 लाख 41 हजार रुपए जारी किए गए। इसी प्रकार बीमारी के उपचार हेतु 1877 व्यक्तियों को 1 करोड़ 10 लाख 94 हजार रुपए प्रदान किए गए। प्रोत्साहन स्वरूप में 403 हितग्राहियों को 36 लाख 62 हजार रूपए, शैक्षणिक सहायता के प्रयोजन से 626 लोगों को 46 लाख 84 हजार रूपए, 19 दिव्यांगों को 88 हजार 31 रूपए, विधवा महिलाओं को 1 लाख 71 हजार रूपए तथा जनहित में कार्य करने वाली 28 संस्थाओं को 4 लाख 38 हजार रुपए स्वीकृत किए जाकर उनके खातों में जमा किए गए हैं ।