भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मध्य प्रदेश के सभी कलेक्टर एवं एसपी को खुली छूट दे दी है कि उनके क्षेत्राधिकार में यदि कोई नेता गड़बड़ी कर रहा है तो उसे ठीक कर दें। उन्होंने कार्यवाही की प्राथमिकताएं तय करते हुए कहा कि सबसे पहले अवैध रेत और अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कलेक्टर, एसपी और कमिश्नर ये संकल्प करें कि जिले में अवैध रेत का उत्खनन ना हो, अवैध शराब की बिक्री नहीं होना चाहिए। अगर कोई नेता भी गड़बड़ काम कर रहा है तो उसे भी ठीक कर दें। गुंडे, बदमाशों को छोड़ना नहीं है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज हरदा जिले के रहटगाँव में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण भी किए। सीएम चौहान ने कहा कि मैं सबसे पहले हरिप्रसाद पालीवाल को श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। जिन्होंने अपनी 22 एकड़ जमीन दान की थी, जिस पर एकलव्य विद्यालय बन रहा है। उनकी स्मृति बनाए रखने के लिए उनके नाम पर एकलव्य विद्यालय के छात्रावास का नाम रखा जाएगा।