शाजापुर। उप संचालक उद्यान मनीष चौहान ने बताया कि जैविक हाट बाजार के सुचारू संचालन के लिए मैदानी स्तर पर प्रयास किए जा रहे है। जैविक हाट बाजार के संबंध में उनके स्तर से व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
उप संचालक उद्यान ने बताया कि जिला प्रशासन एवं उद्यानिकी विभाग के माध्यम से जैविक खेती को बढावा देने के उद्देश्य से 22 जनवरी2023 से जैविक हाट बाजार पुरानी सब्जी मंडी टंकी चौराहा शाजापुर में कलेक्टर की अध्यक्षता में एवं जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ किया गया था। जिसमें जिले में जैविक खेती करने वाले कृषकों के उत्पादों को प्रार्दशों की प्रदर्शनी के माध्यम से जिले की आमजन को अवलोकन कराकर जैविक खेती के लाभ एवं रसायनमुक्त खाद्यान के महत्व से अवगत कराया गया था।
इसी तारतम्य में जैविक उत्पाद के उपयोग को बढावा देने के लिए प्रचार-प्रसार के रूप में शहर के चौराहों पर फ्लेक्स प्रदर्शन, पम्पलेट वितरण व स्वच्छता वाहन में प्रतिदिन ऑडियो क्लिप, सोशल मिडिया इत्यादि गतिविधियों के माध्यम से विभाग द्वारा जैविक उत्पाद के उपयोग एवं हाट बाजार में विक्रय को बढ़ावा देने के उद्धेश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे है। प्रत्येक रविवार को जैविक हाट बाजार का पुरानी सब्जी मंडी टंकी चौराहा पर प्रातः 11.00 बजे से शाम 4.00 बजे तक आयोजन किया जाकर जैविक हाट बाजार निरंतर सुचारूरूप से संचालित हो इसके प्रचार-प्रसार के माध्यम से अथक प्रयास किए जा रहे है।