मनासा। ग्राम पंचायत पड़दा के अंतर्गत आने वाले गांव मातारुंडी में शुक्रवार को मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने लगभग 66.36 लाख की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। वर्षों से उपेक्षित इस गांव के लिए यह एक बड़ी सौगात है, जिससे ग्रामीणों में उत्साह और उम्मीद की लहर दौड़ गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मारू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आमजन के हितों को सर्वाेपरि मानकर काम कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आज अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और मेरा संकल्प है कि विधानसभा क्षेत्र की हर ग्राम पंचायत में योजनाबद्ध, पारदर्शी और सतत विकास हो।
उन्होंने कहा कि मातारुंडी सहित आसपास के सभी गांवों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराना हमारी प्राथमिकता है। ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से सड़क, भवन और अन्य सुविधाओं के अभाव में गांव पिछड़ गया था, लेकिन अब उम्मीद है कि यह गांव भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कैलाश पुरोहित, विजय शर्मा, कौशलेंद्र सिंह चंद्रावत, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्याम वसीटा, जनपद सदस्य कंकूबाई गरासिया, पार्षद प्रतिनिधि दिनेश राठौर, सरपंच सुभाष श्रीमाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम सिर्फ एक लोकार्पण नहीं, बल्कि ग्रामीणों के विश्वास, अधिकार और भविष्य की नींव रखने वाला कदम था। विधायक मारू की जनसेवा भावना और भाजपा सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से यह सुनिश्चित हो गया है कि अब हर गांव तक विकास की रोशनी पहुंचेगी।