मंदसौर। संजीत तहसील के ग्राम खेजड़ी में राजपूत समाज की भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। समाजजनों का कहना है कि पटवारी की मिलीभगत से भूमाफियाओं ने उनके कुलदेवता भेरू बावजी की भूमि पर कब्जा कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम खेजड़ी में सर्वे नंबर 4, रकबा 0.10 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर राजपूत समाज के कुलदेवता फूलदेव विराजमान हैं। ग्राम पंचायत संजीत द्वारा वर्ष 1991 में इस संबंध में प्रमाण पत्र भी जारी किया गया था। लेकिन वर्तमान में ग्राम के ही कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि पर अवैध निर्माण व कब्जा किया जा रहा है।
राजपूत समाज के लोगों ने बताया कि यह भूमि उनके कुलदेवता की है और गांव बसने के समय से ही यहां उनकी पूजा-अर्चना होती आ रही है। ऐसे में इस भूमि पर अतिक्रमण समाज की आस्था पर कुठाराघात है।
समाजजनों ने उप तहसीलदार संजीत को ज्ञापन सौंपकर भूमि का सीमांकन करवाने और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर समाजजन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।