नीमच। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के नेतृत्व में विद्युत विभाग के आउटसोर्स, ठेका, संविदा, दैनिक वेतन भोगी और अस्थाई श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर गुरुवार को दो ज्ञापन सौंपे।
स्थानीय मांगों के लिए श्रमिकों ने अधीक्षण यंत्री जे.पी. ठाकुर को कार्यालय में ज्ञापन सौंपा, वहीं राज्य स्तरीय मांगों के लिए रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ऊर्जा मंत्री के नाम का ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर चंद्रश्री धारवे को सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गईं कि दशहरा-दीपावली से पूर्व सभी कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन का एरियर और बोनस दिया जाए, प्रतिमाह 7 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा अतिरिक्त कार्य पर समयोपरि भत्ता दिया जाए। साथ ही अर्जित, आकस्मिक, त्योहारी और चिकित्सा अवकाश उपलब्ध कराया जाए।
यूनियन ने सभी श्रमिकों का न्यूनतम वेतन 26,000 प्रतिमाह करने, आगामी 50,000 भर्तियों में लंबे समय से कार्यरत आउटसोर्स व संविदा कर्मचारियों को शैक्षणिक योग्यता के आधार पर सीधी नियुक्ति देने तथा नई भर्ती केवल आउटसोर्स श्रेणी से करने की मांग रखी। इसके अलावा कार्य के दौरान मृत्यु पर 50 लाख और स्थायी दिव्यांगता पर 25 लाख मुआवजा देने तथा सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन का वाचन सीटू के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने किया। इस अवसर पर नीमच, मनासा, रामपुरा, सिंगोली, जीरन और जावद क्षेत्र से सैकड़ों श्रमिक व कर्मचारी उपस्थित रहे।