देवास। हाटपिपल्या विधानसभा के नेवरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवपुर मुंडला में ₹10 लाख की लागत से बनने वाली मुख्य पुलिया निर्माण एवं बाल वाटिका का भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
ग्राम शिवपुर मुंडला पहुंचने पर विधायक मनोज चौधरी का ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने चहेते विधायक को क्विंटल केले से तौलकर अनोखे अंदाज में सम्मानित किया, जिससे पूरे गांव में उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर विधायक मनोज चौधरी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नल-जल नर्मदा पेयजल योजना के अंतर्गत टंकी से नलों तक पानी पहुंचना प्रारंभ हो चुका है, जिससे आने वाले समय में ग्रामवासियों की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ₹6 हजार करोड़ की नर्मदा सिंचाई योजना एवं ₹247 करोड़ की पेयजल योजना पर कार्य निरंतर प्रगति पर है, जो भविष्य में हाटपिपल्या विधानसभा के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखेगी।
भूमि पूजन के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की मांग पर मंदिर के लिए ₹5 लाख की नवीन चद्दर सेट की घोषणा भी की, जिसका ग्रामीणों ने स्वागत किया। कार्यक्रम में भैरूलाल अटरिया, सरपंच जगदीश मालवीय, संतोष पाटीदार, राजेंद्र सैधव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।