भिंड। मध्यप्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष एवं अटेर विधायक हेमंत सत्यदेव कटारे ने “आपका बेटा आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत अटेर विधानसभा क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों का तीन दिवसीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान विधायक कटारे ने ग्रामीणों से विकास को लेकर सुझाव भी लिए और कई ग्राम पंचायतों में सड़क, पुलिया एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए लाखों रुपए की राशि स्वीकृत की। ग्राम रजपुरा में स्थित केशवानंद महाराज रजपुरा धाम के विकास एवं जीर्णाेद्धार के लिए उन्होंने 10 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की।
विधायक कटारे ने कहा कि अटेर विधानसभा उनके लिए केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं बल्कि परिवार की तरह है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। उनके दौरे से ग्रामीणों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।