मनासा। ‘‘समृद्ध दीदी से समृद्ध राष्ट्र गणतंत्र दिवस अभिनंदन समारोहदृ2026’’ के अंतर्गत मध्यप्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सीएमटीसी प्रशिक्षण केंद्र, विकासखंड मनासा का शुभारंभ विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 25 जनवरी 2026 को माननीय केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में 36 सीएमटीसी प्रशिक्षण केंद्रों का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया था। इसी क्रम में मनासा विकासखंड में सीएमटीसी केंद्र का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विधायक मारू ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी लखपति दीदियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि प्रत्येक महिला लखपति दीदी बने। जो महिलाएं इस श्रेणी में आ चुकी हैं, वे अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करें।
विधायक ने आजीविका मिशन के अंतर्गत प्राप्त सहायता राशि के उपयोग एवं उससे संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी महिलाओं से प्राप्त की। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक संवाद करते हुए बताया कि मिशन से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है और वे आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।
कार्यक्रम में रामदेव स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। समूह की दीदियों ने अपने उत्पाद विधायक को भेंट किए। विधायक ने इन उत्पादों की ब्रांडिंग कर मुख्यमंत्री के माध्यम से भोपाल स्तर पर प्रदर्शित कराने की बात कही।
इस अवसर पर विधायक द्वारा ग्रामीण महिला स्व-सहायता समूहों को 12 लाख रुपये ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए तथा लखपति दीदियों को बधाई दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरिफ खान, जिला प्रबंधक कृषि हेमंत रामावत, सीएमटीसी जिला संचालक प्रकाश पालिया, विकासखंड प्रबंधक नरेंद्र परमार, सहायक विकासखंड प्रबंधक कमल भूरिया, महेंद्र अलावा, जितेंद्र यादव सहित जनपद पंचायत का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। मंच संचालन पंचायत समन्वयक अधिकारी गोपाल कृष्ण परिहार द्वारा किया गया। कार्यक्रम की जानकारी विकासखंड प्रबंधक नरेंद्र परमार द्वारा दी गई।