चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मानसिंह चूंडावत (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वाधान में विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनिल कुमार गोयल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह 2026 के अवसर पर महिलाओं/बालिकाओं के उद्यमिता प्रोत्साहन हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान प्राधिकरण सचिव गोयल ने उपस्थित जनों से आह्वान किया कि महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और सहयोग की भावना को बढ़ावा दें, ताकि समाज में महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और सम्मानजनक वातावरण मिल सके एवं महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समानता के महत्व पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए जिससे महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल, व्यवसाय और राजनीति सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करें क्योंकि महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देना एक विकसित और प्रगतिशील समाज की पहचान है। इस दौरान कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक राकेश तंवर, महिला पर्यवेक्षक चौताली जैन, कालिका यूनिट की सदस्याएं, सखी वन स्टॉप की सदस्याएं एवं विधिक प्राधिकरण की अधिवक्ता/काउंसलर भारती गहलोत, अधिवक्ता आयुषी गहलोत आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया गया।