मनासा। जिला प्रशासन द्वारा श्संकल्प से समाधानश् अभियान एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की अभिनव पहल की जा रही है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं और महिलाओं को निःशुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं, साथ ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निःशुल्क हेलमेट भी प्रदान किए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत मनासा में अब तक 60 महिलाओं ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए निःशुल्क पंजीयन कराया है। सोमवार को शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय में आयोजित विशेष शिविर में विधायक अनिरुद्ध माधव मारू एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने ड्राइविंग लाइसेंस की प्रति और हेलमेट वितरित किए गए। लाइसेंस और हेलमेट प्राप्त कर बालिकाओं में विशेष उत्साह देखा गया।
लाभार्थी शिवानी ने कहा कि जिला प्रशासन ने लाइसेंस के साथ हेलमेट प्रदान कर बेटियों की सुविधा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा का भी ध्यान रखा है, जो सराहनीय पहल है। विधायक अनिरुद्ध मारू ने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में सहायक संचालक वैभव बैरागी, जिलामंत्री अश्विन सोनी,आनंद श्रीवास्तव, महिला बाल विकास सभापति टीना परमेश्वर दडींग,महाविद्यालय प्राचार्य डॉ एमएल धाकड़ सहित समस्त पर्यवेक्षक , बालिकाएं एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।