नीमच। जिले के ग्राम दारू निवासी वृद्ध जमनालाल पुरोहित ने प्रशासनिक उदासीनता से परेशान होकर अपनी पीड़ा उजागर की है। उनका आरोप है कि गांव में शासकीय हैंडपंप के पास अवैध रूप से लेट्रीन-बाथरूम का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पेयजल स्रोत के दूषित होने का खतरा पैदा हो गया है।
जमनालाल पुरोहित ने बताया कि उनके घर के पास करीब 20 वर्ष पुराना शासकीय हैंडपंप लगा हुआ है, जिससे आसपास के कई परिवार पीने और घरेलू उपयोग के लिए पानी भरते हैं। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में यही हैंडपंप पूरे मोहल्ले के लिए पानी का मुख्य सहारा रहता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के ही शंभूलाल पुरोहित द्वारा हैंडपंप के समीप अवैध रूप से लेट्रीन-बाथरूम का निर्माण कराया जा रहा है। विरोध करने पर शंभूलाल, उसके पुत्र सूरज और भाई श्रवण द्वारा धमकाने और मारपीट की कोशिश करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
जमनालाल का कहना है कि वे इस मामले को लेकर अब तक करीब 108 बार कलेक्टर कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हैंडपंप के पास हो रहे अवैध निर्माण को तुरंत रुकवाया जाए और उन्हें व उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि गांव के लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।