मनासा। क्षेत्र के ग्राम हतुनिया निवासी उमेश पिता छगनलाल व्यास के खेत में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार उमेश व्यास का खेत आमद खेड़ी में स्थित है, जहां तेज हवा के चलते बिजली के तार आपस में टकरा गए और उससे निकली चिंगारी के कारण खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई।
बताया जा रहा है कि खेत में गेहूं की कटाई का कार्य भी चल रहा था, इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी जिससे काफी नुकसान हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते ग्रामीण आग पर काबू नहीं पाते तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में बिजली के ढीले तारों की समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द ढीले तारों को ठीक किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।