चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार प्रशासन, रसद विभाग और पुलिस विभाग के समन्वय से गठित जिला सतर्कता टीम ने जिलेभर में घरेलू गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया और सिलेंडरों के अवैध भंडारण एवं उपयोग के मामलों में कार्रवाई की।
निम्बाहेड़ा उपखंड के शहरी क्षेत्र में टीम ने आदर्श कॉलोनी निवासी इमरान शेख के यहां से 5 सिलेंडर, हुढको कॉलोनी निवासी रतनेश कीर के यहां से 2 सिलेंडर और इंदिरा कॉलोनी निवासी नरेन्द्र महेश्वरी के यहां से 4 सिलेंडर एवं 2 छोटे बिना कंपनी के सिलेंडर जब्त किए। तीनों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
टीम ने उपखंड चित्तौड़गढ़ की भैरव गैस एजेंसी और रावतभाटा की अणुशक्ति सहकारी उप भंडार लिमिटेड का निरीक्षण कर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को नियमित गैस वितरण सुनिश्चित करें।
जिले में वर्तमान में 28 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जो 3,85,680 घरेलू कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को सेवा प्रदान कर रही हैं। जिले में कुल 12,202 सिलेंडर वितरण के लिए उपलब्ध हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी के माध्यम से गैस सिलेंडर प्राप्त करें और किसी अफवाह पर ध्यान न दें।