नीमच। सेंट्रल जीएसटी की टीम ने शुक्रवार को शहर के अन्नपूर्णा स्टील प्रतिष्ठान पर कार्रवाई करते हुए करीब पांच घंटे तक दस्तावेजों की जांच की। यह प्रतिष्ठान कांग्रेस नेता हरीश दुआ के भाई रवि दुआ का बताया जा रहा है। कार्रवाई से शहर के व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जीएसटी की चार सदस्यीय टीम शाम को इनोवा कार से नीमच पहुंची और सीधे प्रतिष्ठान पर पहुंचकर रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि कार्रवाई जीएसटी संबंधी गड़बड़ी की शिकायत के आधार पर की गई।
जांच के दौरान कांग्रेस नेता हरीश दुआ भी मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे। करीब पांच घंटे चली जांच के बाद टीम रात लगभग 10.30 बजे रवाना हो गई।
टीम में शामिल अधिकारी कमलेश शर्मा ने मामले में कोई जानकारी देने से इनकार किया। वहीं प्रतिष्ठान संचालक से संपर्क नहीं हो सका। विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है।