खरगोन। शहर के कुंदा नगर स्थित एक निजी हॉस्टल में रहने वाली छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा ने कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर यह कदम उठाया। मृतक छात्रा की पहचान रोशनी सोलंकी के रूप में हुई है, जो बड़वानी जिले की वरला तहसील के निरगुडिया गांव की रहने वाली थी। वह खरगोन में रहकर बीए की पढ़ाई कर रही थी और कुंदा नगर स्थित निजी हॉस्टल में रहती थी। बताया जा रहा है कि छात्रा के साथ कमरे में रहने वाली दूसरी छात्रा जब कॉलेज से वापस लौटी तो उसने रोशनी को कमरे में पंखे से दुपट्टे के फंदे पर लटका हुआ पाया। इसके बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया और तुरंत परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। मामले में खरगोन कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है। साथ में रहने वाली छात्रा का कहना है कि रोशनी कल ही अपने घर से लौटकर आई थी और आज वह कॉलेज भी नहीं गई थी। वहीं मृतक छात्रा के भाई का कहना है कि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।