नीमच। मध्यप्रदेश में आगामी तीन दिनों में बदलने वाले मौसम के मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी गेहूं, चना और अफीम की फसल पर बेमौसम बारिश का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च से प्रदेश में स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर बना रहेगा।

नीमच-मंदसौर जिले में देखने को मिलेगा असर-
मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर सहित नीमच-मंदसौर क्षेत्र में भी देखने को मिलेगा। विशेष रूप से अफीम उत्पादक क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस समय फसल कटाई और तुलाई का कार्य चल रहा है।

आज 17 मार्च की रात से बदलेगा मौसम-
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि आज 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ मध्यप्रदेश को भी प्रभावित करेगा। इसके कारण 18, 19 और 20 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च महीने में इस सीजन का यह पहला मजबूत सिस्टम है, जिसका असर लगातार तीन से चार दिन तक रहने की संभावना है।

गर्मी के बाद अचानक बदलेगा मौसम-
सोमवार और मंगलवार को पूरे प्रदेश में तेज गर्मी का असर रहा। कई जिलों में तापमान 35 से 38 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, लेकिन अब तक उनका ज्यादा असर नहीं दिखा। तेज गर्मी के बाद अब 18 मार्च से अचानक मौसम बदलेगा और कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी।

अफीम और गेहूं किसानों पर संकट-
नीमच-मंदसौर क्षेत्र में इस समय अफीम और गेहूं की फसल तैयार खड़ी है। ऐसे में तेज हवा, बारिश या ओलावृष्टि होने पर सीपीएस वाले किसानों को भारी नुकसान हो सकता है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बारिश होती है तो खेतों में खड़ी अफीम की फसल के डोडों को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं गेहूं की कटाई में भी देरी हो सकती है। चना और सरसों की फसल भी प्रभावित होगी।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट-
मौसम विभाग ने 18 मार्च को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, छिंदवाड़ा, सिवनी, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट। 19 मार्च को इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, शाजापुर, रतलाम, झाबुआ, धार, खरगोन, खंडवा, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, श्योपुर और 20 मार्च को भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, विदिशा, सीहोर, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, छिंदवाड़ा, मंडला, डिंडौरी, शहडोल, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली सहित कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है।
