मंदसौर। किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले में किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” योजना के तहत वर्ष 2026 के बजट में लगभग 450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
जिले का कुल कृषि योग्य रकबा लगभग 3 लाख 56 हजार 200 हेक्टेयर है, जिसमें से करीब 90 प्रतिशत अर्थात 3 लाख 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित है। जिले में सूक्ष्म सिंचाई (माइक्रो इरिगेशन) का दायरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे कम पानी में अधिक उत्पादन संभव हो रहा है और जल संसाधनों का बेहतर उपयोग हो रहा है।
योजना के अंतर्गत जिले को स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सेट के लिए 1104 का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध सभी 1104 स्प्रिंकलर/ड्रिप सेट स्वीकृत कर दिए गए हैं। इससे किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा तथा जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
अनुदान प्रावधान के अनुसार 2 हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले कृषकों को लागत का 45 प्रतिशत तथा 1 से 2 हेक्टेयर तक भूमि वाले कृषकों को लागत का 55 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत चल रही यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कृषि विभाग द्वारा अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।