BIG REPORT : एक दशक बाद नीमच में कांग्रेस का बड़ा प्रशिक्षण शिविर, संगठन को नई धार देने की तैयारी, मंगलम रिसोर्ट में जुटेंगे कार्यकर्ता व पदाधिकारी, वरिष्ठ नेताओं का मिलेगा मार्गदर्शन, पढ़े खबर 

वौइस् ऑफ़ मप्र

नीमच। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 2 एवं 3 जून को मंगलम रिसोर्ट में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। करीब एक दशक बाद जिले में इस स्तर का बड़ा प्रशिक्षण शिविर आयोजित होने जा रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि शिविर में जिलेभर के मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष तथा प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे। लगभग 110 प्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है। शिविर के माध्यम से संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, जनसंपर्क और संगठनात्मक मजबूती जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी सहित कई वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। विभिन्न सत्रों के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों, जनहित के मुद्दों तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी मुख्यमंत्री के राजनीतिक संस्कारों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी लगातार प्रदेशभर में जनता के मुद्दों को उठा रहे हैं और सरकार की नीतियों एवं कमियों को उजागर कर रहे हैं, जिससे भाजपा नेतृत्व असहज है।

बाहेती ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नई वैचारिक दिशा देने के साथ-साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं और यह शिविर जिले के कांग्रेस इतिहास के महत्वपूर्ण आयोजनों में शामिल होगा।
 

संबंधित खबरे