BIG NEWS : नीमच में गरजे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, केंद्र की मोदी और प्रदेश की मोहन सरकार पर साधा निशाना, कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में बोले- जनता बदलाव चाहती है, हम गरीब, किसान और युवा की लड़ाई लड़ते रहेंगे, पढ़े खबर
वौइस् ऑफ़ मप्र
नीमच। जिला कांग्रेस कमेटी के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। शिविर में शामिल होने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती एवं जनसंपर्क को लेकर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर जमकर निशाना साधा।
जीतू पटवारी ने कहा कि मंदसौर-नीमच क्षेत्र का कांग्रेस से ऐतिहासिक और वैचारिक रिश्ता रहा है। कांग्रेस द्वारा जिलेवार प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से तैयार करना है, ताकि पार्टी की विचारधारा जन-जन तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समाज और लोकतंत्र की रक्षा के लिए तैयार किया जा रहा है। साथ ही भविष्य में कांग्रेस की भूमिका और नीतियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
2014 के वादे पूरे नहीं हुए-
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अच्छे दिनों, रोजगार और आर्थिक विकास के बड़े सपने दिखाए थे, लेकिन आज बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा है और आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका पूरी जिम्मेदारी के साथ निभा रही है और जनता के मुद्दों को लगातार उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं की आवाज बुलंद करती रहेगी।
मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर किया कटाक्ष-
हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि विपक्ष की सक्रिय भूमिका निभाने के लिए उन्हें एक प्रकार का ष्मेडलष् मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि सार्वजनिक जीवन में धैर्य और मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कुश्ती और अखाड़े की पृष्ठभूमि से आते हैं, जहां संयम और धैर्य का विशेष महत्व होता है। इसलिए सार्वजनिक मंचों पर ऐसी भाषा का उपयोग होना चाहिए जो सभी को स्वीकार्य हो।
भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर सरकार को घेरा-
पत्रकारों के सवालों के जवाब में पटवारी ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भ्रष्टाचार के आरोप सामने आते हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद का अभियान भी चलाया जाएगा।
संगठन सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस-
प्रशिक्षण शिविर में जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल हुए। शिविर में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विभिन्न सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।