BIG NEWS : नीमच में जलकुंभी पर सियासत गरम, बरसात से पहले कांग्रेस का हल्ला बोल, फावड़ा लेकर नाले में उतरे नेता, स्वच्छता के दावों की खुली पोल, नगर पालिका को दिखाया आईना, पढ़े खबर 

वौइस् ऑफ़ मप्र

नीमच। शहर के नालों में बढ़ती जलकुंभी और बरसात पूर्व सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर मंगलवार सुबह कांग्रेस ने नगर पालिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता फावड़े, तगारी एवं सफाई उपकरण लेकर संजीवनी नाले में उतरे और सांकेतिक सफाई अभियान चलाकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर के नदी-नाले जलकुंभी से पटे हुए हैं, जिससे जल प्रवाह बाधित हो रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। उनका कहना था कि नगर पालिका के स्वच्छता संबंधी दावे केवल कागजों तक सीमित हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि मानसून नजदीक है। यदि समय रहते नालों की सफाई और जलकुंभी हटाने का कार्य नहीं किया गया तो शहर में जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका पर जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के दावों के बावजूद जल स्रोतों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी कारण विपक्ष को स्वयं नालों में उतरकर सफाई अभियान चलाना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। इस कार्रवाई को नगर पालिका की कार्यशैली के खिलाफ कांग्रेस की चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

संबंधित खबरे