BIG NEWS : बेकाबू रफ्तार बनी जानलेवा, कार की टक्कर से गोवंश की मौत, गोपी की ढाणी के पास हुआ हादसा, कार छोड़ चालक फरार, घटना की सूचना मिलते ही दौड़े गौसेवक, पुलिस जांच में जुटी, पढ़े खबर 

वौइस् ऑफ़ मप्र

नीमच। नीमच-मनासा मार्ग पर गोपी की ढाणी के समीप मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे गोवंश को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल गोवंश की बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मनासा की ओर से नीमच आ रही कार अनियंत्रित होकर गोवंश से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गोवंश उछलकर दूर जा गिरा, जबकि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शामिल कार क्रमांक आरजे 02 सीए 8138 के आगे और पीछे डायल 112, 112 लगाओ पुलिस बुलाओ लिखा हुआ था। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गौसेवक मौके पर पहुंचे और घायल गोवंश को प्राथमिक उपचार देकर गौ सेवा दल की उपचारशाला पहुंचाया। जहां चिकित्सकों एवं गौसेवकों के प्रयासों के बावजूद बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

गौसेवकों ने वाहन चालकों से रात्रि के समय सावधानीपूर्वक एवं नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है। वहीं सिटी थाना पुलिस का कहना है कि समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

संबंधित खबरे