BIG NEWS : चित्तौड़गढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमपी-राजस्थान बॉर्डर पर तस्करी का भंडाफोड़, खाकी की नाकाबंदी देख तस्कर के उड़े होश, भरी गाड़ी छोड़ जंगल में हुआ फरार, बोलेरो पिकअप से करोड़ों का अवैध मादक पदार्थ बरामद, पढ़े रेखा खाबिया की खबर
वौइस् ऑफ़ मप्र
चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कनेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 क्विंटल 73 किलो 830 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा से भरी एक बोलेरो पिकअप जब्त की है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर वाहन चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन तथा डीएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में कनेरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थानाधिकारी महेन्द्र सिंह के निर्देशन एवं एसआई अमृतलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम घाटारानी क्षेत्र में नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान अठाणा (मध्यप्रदेश) की ओर से आ रही एक बोलेरो पिकअप का चालक पुलिस नाकाबंदी देखकर लगभग 50 मीटर पहले ही वाहन सड़क पर छोड़कर घाटारानी के जंगल की ओर भाग निकला।
पुलिस टीम ने चालक का पीछा कर तलाश की, लेकिन घना जंगल और अंधेरा होने के कारण वह फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो पिकअप की तलाशी ली, जिसमें 59 कट्टों में भरा अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। तौल करने पर इसका कुल वजन 12 क्विंटल 73 किलो 830 ग्राम पाया गया। पुलिस ने डोडा चूरा और बोलेरो पिकअप को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
एसआई अमृतलाल, एएसआई बालमुकुंद, कांस्टेबल रेवताराम, रामनिवास, सुनील, सूरज सिंह एवं दिलीप सिंह। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन 94604-25643 पर दें।