BIG NEWS : माता-पिता सावधान! अब नाबालिग को वाहन दिया तो सीधे कोर्ट तक पहुंचेगी बात, नीमच पुलिस का बड़ा एक्शन, लापरवाह चालकों को भी दी हिदायत, पढ़े खबर 

वौइस् ऑफ़ मप्र

नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस ने एक नाबालिग को दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़ा और उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।

यातायात पुलिस द्वारा जांच के दौरान एक नाबालिग बालक वाहन चलाते हुए पाया गया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तथा वाहन संचालन करने पर उसे थाना लाया गया। इसके बाद उसके माता-पिता एवं अभिभावकों को थाने बुलाकर नाबालिगों को वाहन नहीं देने संबंधी कानूनी प्रावधानों और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए समझाइश दी गई।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए हैं कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो उसके माता-पिता अथवा अभिभावकों के विरुद्ध भी नियमानुसार प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए।

इसी क्रम में थाना प्रभारी यातायात सूबेदार सोनू बड़गूजर एवं यातायात टीम द्वारा एक नाबालिग को मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा गया। मामले में संबंधित अभिभावकों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई हेतु प्रकरण तैयार किया गया है, जिसे शीघ्र ही माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें तथा यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

संबंधित खबरे