BIG NEWS : महंगाई का जोर का झटका धीरे से, एमपी में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 29 रुपये महंगा, ग्वालियर में ₹1000 के पार, तीन महीने में दूसरी बार बढ़े दाम, पढे़ खबर
वौइस् ऑफ़ मप्र
भोपाल। मध्य प्रदेश के आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। प्रदेश में घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दामों में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। गैस सिलेंडरों की ये नई दरें आज से ही लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई बड़े शहरों में रसोई गैस के दाम आसमान छूने लगे हैं।
भोपाल में अब ₹947.50 का मिलेगा सिलेंडर
इस ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी भोपाल में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 918.50 रुपये से बढ़कर अब 947.50 रुपये हो गई है।
ग्वालियर और उज्जैन में कीमतें ₹1000 के पार
प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें, तो ग्वालियर में रसोई गैस की कीमतें एक हजार रुपये के आंकड़े को पार कर गई हैं। ग्वालियर में अब घरेलू सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को 1025 रुपये चुकाने होंगे। धार्मिक नगरी उज्जैन में भी कीमतें 1000 के पार पहुँचते हुए 1001 रुपये हो गई हैं। इंदौर: आर्थिक राजधानी इंदौर में अब नया रेट 970 रुपये हो गया है। संस्कारधानी जबलपुर में सिलेंडर की नई कीमत 919 रुपये तय की गई है।
तीन महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
आम जनता की जेब पर करीब तीन महीने के भीतर यह दूसरी बार बड़ा बोझ डाला गया है। इससे पहले 7 मार्च को भी एलपीजी सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई थी। महज कुछ ही महीनों के अंतराल में दोबारा दाम बढ़ने से आम गृहणियों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। लगातार बढ़ते दामों को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है, क्योंकि इसका सीधा असर उनके मासिक घरेलू बजट पर पड़ रहा है।