KHABAR : मुरैना में पुलिसकर्मियों के लिए कार्डियक अवेयरनेस सेमिनार, ‘स्वस्थ हृदय, सुखी जीवन’ पर जोर, पढे़ खबर
वौइस् ऑफ़ मप्र
मुरैना। सामाजिक संस्था पहल परिवार द्वारा रविवार को एम.एस. रोड स्थित होटल महाराजा में कार्डियक अवेयरनेस सेमिनार का आयोजन किया गया। “स्वस्थ हृदय, सुखी जीवन” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हृदय रोगों और हार्ट अटैक से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दुश्यन्त देव ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि लगातार तनावपूर्ण और व्यस्त जीवनशैली के कारण पुलिस बल में हृदय रोगों का खतरा अधिक रहता है। उन्होंने हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षणों और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. देव ने बताया कि सीने में दर्द या भारीपन, अत्यधिक पसीना आना, सांस लेने में कठिनाई, तथा बाएं हाथ या जबड़े में दर्द जैसे लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। ऐसे संकेत मिलने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हार्ट अटैक की स्थिति में “गोल्डन ऑवर” यानी शुरुआती एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण होता है, जिसमें सही उपचार मिलने पर मरीज की जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर पहल परिवार द्वारा इमरजेंसी कार्डियक मेडिसिन किट का भी विमोचन किया गया, जिसमें चार प्रकार की आवश्यक दवाइयां शामिल हैं। यह किट आपात स्थिति में प्रारंभिक सहायता प्रदान करने में उपयोगी बताई गई।
कार्यक्रम में एसडीएम मुरैना भूपेन्द्र सिंह, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सेमिनार में पुलिस विभाग के लगभग 125 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय ने पहल परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में पहल परिवार के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।