KHABAR : कार्यकर्ताओं से खादी के कपड़े और झंडे खरीदने की अपील, हर घर तिरंगा अभियान के दौरान खादी और स्वदेशी सामान को प्रोत्साहन देगी भाजपा, पढे़ खबर
भोपाल। हर घर तिरंगा अभियान के दौरान भाजपा खादी वस्त्रों समेत स्वदेशी सामान को प्रोत्साहन देगी। अभियान की शुरुआत से पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, भाजपा के मप्र प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद गुरुवार को जवाहर चौक स्थित खादी एवं ग्रामोद्योग भवन पहुंचे।
भाजपा नेताओं ने यहां से तिरंगा झंडा और वस्त्र खरीदकर पार्टी कार्यकर्ताओं से खादी के कपड़े और झंडे खरीदने की अपील की। खंडेलवाल ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं है, बल्कि हमारे स्वाधीनता संग्राम की आत्मा है। हर घर तिरंगा अभियान केवल तिरंगा फहराने की परंपरा नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता, गर्व और जागरूकता का अभियान बने। इसलिए खादी का तिरंगा फहराएं।
प्रज्ञा ठाकुर से मिलने पहुंचे
भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी गुरुवार को पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह से मिलने पहुंचे। मालेगांव ब्लास्ट केस में बरी होने के बाद पहली बार पार्टी पदाधिकारियों ने उनके अधिकारिक मुलाकात की। प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि हिन्दू आतंकवाद जैसे नैरेटिव गढ़ने वाली कांग्रेस ने सनातन, साधु-संतों व भगवा को अपमानित करने का काम किया था।