KHABAR : खादी उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर जोर, कम्बल केन्द्र का किया निरीक्षण, पीपीपी मोड पर खुलेंगी खादी की दुकानें, बोर्ड अध्यक्ष पंकज जोशी बोले- खादी उद्योग को मिलेगी नई उड़ान, पढ़े खबर
वौइस् ऑफ़ मप्र
मंदसौर। मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी ने शनिवार को मंदसौर स्थित कम्बल केन्द्र एवं खादी ग्रामोद्योग एम्पोरियम का निरीक्षण कर खादी उद्योग के विकास एवं विस्तार को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस दौरान उन्होंने खादी उत्पादों के उत्पादन, गुणवत्ता और विपणन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष जोशी ने कहा कि खादी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए बोर्ड द्वारा नवाचार आधारित योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खादी उत्पादों की पहुंच बढ़ाने एवं निजी क्षेत्र की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए दुकानों का संचालन पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर किया जाएगा। इससे खादी उत्पादों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि आमजन को सस्ती, टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण खादी सामग्री उपलब्ध कराना बोर्ड की प्राथमिकता है। इसके लिए उत्पादन क्षमता बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
अध्यक्ष जोशी ने कम्बल केन्द्र में तैयार किए जा रहे कम्बलों की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा हैंडलूम, मिलिंग मशीन, बॉयलर मशीन और मॉडिफाइड चरखों का निरीक्षण कर उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने खादी वस्त्र बिक्री भंडार एवं एम्पोरियम का भ्रमण कर उपलब्ध उत्पादों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खादी उत्पादों के विपणन और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग खादी से जुड़ सकें और स्थानीय कारीगरों को इसका लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जोशी ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कम्बल केन्द्र परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।