KHABAR : शहडोल में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना पर सवाल, 16 अपात्रों के विवाह कराने के आरोप, पढे़ खबर

वौइस् ऑफ़ मप्र

शहडोल। जिले की जनपद पंचायत ब्यौहारी में मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह योजना के तहत कथित रूप से 16 अपात्र लोगों के विवाह कराए जाने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण को लेकर जनपद पंचायत अध्यक्ष आकांक्षी सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि ब्यौहारी जनपद के रसपुर गांव में 19 अप्रैल को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान योजना के नियमों को दरकिनार कर ऐसे लोगों को लाभ दिया गया, जो निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करते थे। आरोप है कि इस अनियमितता के चलते शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जनपद पंचायत अध्यक्ष आकांक्षी सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं शिकायत के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कन्यादान एवं निकाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विवाह योग्य युवक-युवतियों को सहायता प्रदान करना है। ऐसे में अपात्र हितग्राहियों को लाभ मिलने के आरोप सामने आने से योजना के क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

इधर, सामाजिक न्याय एवं कल्याण विभाग की अधिकारी प्रज्ञा मरावी ने इस मामले में मीडिया से सीधे तौर पर बात करने से इनकार कर दिया है।

संबंधित खबरे