BIG REPORT : राहत भरी खबर, सुरक्षा जांच में पास हुए जलयान, बालोदा-चचोर घाट पर फिर शुरू हुआ स्टीमर संचालन, एसडीएम की सख्ती के बाद सुधरी व्यवस्थाएं, पढ़े कमलेश प्रजापति की खबर 

वौइस् ऑफ़ मप्र

गरोठ। बालोदा-चचोर घाट पर संचालित स्टीमर सेवाओं को सुरक्षा मानकों की जांच के बाद पुनः शुरू करने की अनुमति दे दी गई है। यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को यथावत बनाए रखते हुए जलयानों के संचालन के निर्देश जारी किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में गरोठ एसडीएम राहुल चौहान द्वारा घाट का निरीक्षण किए जाने के बाद सुरक्षा संबंधी कमियों के चलते स्टीमर संचालन अस्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी (विद्युत/यांत्रिकी), गांधी सागर बांध, दिलीप सागीत्रा द्वारा रविवार सुबह बालोदा घाट से संचालित 12 जलयानों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जलयान मालिक, ड्राइवर एवं सारंग उपस्थित रहे।

जांच में सभी जलयानों पर पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप सीसीटीवी कैमरे एवं जीपीएस उपकरण स्थापित पाए गए। साथ ही लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, रस्सी, रेत के बॉक्स, चप्पू और एंकर सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की गई।

संतोषजनक व्यवस्थाएं पाए जाने पर अधिकारियों ने स्टीमर संचालन पुनः प्रारंभ करने की अनुमति प्रदान कर दी। हालांकि जलयान संचालकों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संचालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा किसी प्रकार की दुर्घटना होने की स्थिति में संबंधित जलयान मालिक और चालक स्वयं जिम्मेदार होंगे तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 

संबंधित खबरे