KHABAR : सांवरिया वाटर प्लांट पर संयुक्त टीम की कार्रवाई, जांच के लिए एकत्रित किए पानी के नमूने, राजधानी भोपाल रवाना किए सैंपल, अब अधिकारियों को रिपोट का इंतजार, पढ़े खबर
वौइस् ऑफ़ मप्र
रतलाम। खाद्य सुरक्षा एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ावदा स्थित सांवरिया वाटर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल एवं पीएचई विभाग के एसडीओ इरफान अली ने प्लांट की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पानी के नमूने एकत्र किए।
अधिकारियों ने बताया कि प्रतिष्ठान पर खाद्य पंजीयन उपलब्ध पाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पानी के नमूने गुणवत्ता एवं मानक स्तर की जांच के लिए लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान प्लांट संचालक को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जिले में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।