NEWS: कलेक्टर बोले - गुंडागर्दी करने वाले और प्लाटों पर कब्जा कर लोगों को परेशान करने वाले सुधर जाएं,33 अपराधी जिलाबदर, पढें खबर
इंदौर। शहर के अलग-अलग थानों के 33 गुंडों पर शुक्रवार को जिलाबदर की कार्रवाई की गई। कलेक्टर मनीष सिंह ने आदतन अपराधियों के विरुद्ध यह बड़ी कार्यवाही की है। ये सभी लंबे समय से विभिन्न अपराधों में लिप्त थे और इंदौर के विभिन्न थानों में इनके विरुद्ध केस दर्ज हैं। इसमें से कुछ को एक साल के लिए तो कुछ को छह महीने के लिए जिलाबदर किया गया है। कलेक्टर ने जमीन पर कब्जा करने वाले माफिया के खिलाफ भी जल्द अभियान शुरू करने की बात कही है।
कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि 33 गुंडों को जिलाबदर किया गया है। इसमें से कुछ को छह महीने के लिए, कुछ को एक साल के लिए किया गया है। जो लोग लोगों के लिए परेशानी बन रहे हैं, उन पर जिलाबदर के साथ ही उनके अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया जा रहा है। इनमें से कई ने तो सरकारी जमीन पर कब्जा कर निर्माण कर लिया और किराए से चला रहे हैं। हमारा मकसद यही है कि जो भी इस तरह के लोग हैं वे सुधर जाएं। वे अवैध कब्जा ना करें, गुंडागर्दी ना करें।
कलेक्टर ने बताया कि जो भी गुंडे हैं वे गुंडागर्दी के साथ कमर्शियल कामों में भी लिप्त रहते हैं। इसके लिए ये अवैध रूप से काम करते हैं। प्लाट पर कब्जा करना, फर्जी दस्तावेज तैयार कर आमजन को परेशान करना, ये ऐसे काम करते हैं। आने वाले समय में हम इसे लेकर मुहिम भी शुरू करने जा रहे हैं, जो ऐसे काम कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी।