NEWS : सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में इंटर हाउस बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, कैडेट्स ने दिखाई दमदार पंचिंग, रोमांचक मुकाबलों से गूंजा परिसर, 9 सदनों के कैडेट्स ले रहे भाग, तीन वर्गों में हो रही स्पर्धा, पढ़े रेखा खाबिया की खबर
वौइस् ऑफ़ मप्र
चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में अंतर-सदनीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के निर्देशन में किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्राचार्य कर्नल जसरोटिया रहे, जिनका स्वागत सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता प्रभारी पी. चंद्रशेखरन ने किया।
इस अवसर पर प्राचार्य ने कैडेट्स को खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्व समझाते हुए कहा कि मुक्केबाजी जैसे खेल शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल को भी विकसित करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान के अनुसार प्रतियोगिता में कुल 9 सदनों के कैडेट्स भाग ले रहे हैं, जिन्हें वजन के आधार पर तीन वर्गों में विभाजित किया गया है।
प्रारंभिक मुकाबले बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे। कुम्भा हाउस के आयुष ने हमीर हाउस के मयंक मील को हराया, वहीं कुश हाउस के आयुष ने लव हाउस के खिवराज सिंह को पराजित किया। प्रताप हाउस के शुभम ने कुश हाउस के हर्ष को हराया, जबकि बादल हाउस के पार्थ ने कुम्भा हाउस के आदित्य को मात दी।
अन्य मुकाबलों में कुम्भा हाउस के शिवप्रताप सिंह ने हमीर हाउस के कुलदेव को, सांगा हाउस के विश्वास ने प्रताप हाउस के अमन को तथा प्रताप हाउस के अनुज ने सांगा हाउस के अंकित को पराजित किया। कुम्भा हाउस के नयन ने कुश हाउस के जयराज को हराया, जबकि हमीर हाउस के अनुष्क ने लव हाउस के आशीष कुमार को मात दी।
आगे के मुकाबलों में कुम्भा हाउस के हर्षित ने लव हाउस के कुलदीप को, जयमल हाउस के अमित ने सांगा हाउस के चिरंजीव को तथा बादल हाउस के दुष्यंत ने प्रताप हाउस के सचिन को हराया। कुम्भा हाउस के भविष्य ने सांगा हाउस के दिव्यांश को पराजित किया।
इसके अलावा लव हाउस के अंकित बुरड़क ने कुश हाउस के अस्तिक को, लव हाउस के शिवशक्ति ने कुश हाउस के अनेक को तथा प्रताप हाउस के अजय ने जयमल हाउस के रोहित को हराकर जीत दर्ज की।
पूरी प्रतियोगिता के दौरान कैडेट्स में उत्साह, जोश और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। मुकाबले दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर रहे तथा निर्णायकों ने निष्पक्षता के साथ संचालन किया।