KHABAR : कांग्रेस सेवादल के 13 दिवसीय फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का समापन, 100 बच्चों ने सीखी फुटबॉल की बारीकियां, खेल भावना का दिया परिचय, पढ़े खबर 

वौइस् ऑफ़ मप्र

नीमच। कांग्रेस सेवादल जिला नीमच द्वारा आयोजित 13 दिवसीय फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का समापन गुरुवार को स्थानीय राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम परिसर में हुआ। शिविर में लगभग 100 बच्चों ने भाग लेकर फुटबॉल खेल की तकनीकी बारीकियां सीखीं और खेल भावना का परिचय दिया।

समापन समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों को अतिथियों द्वारा टी-शर्ट वितरित कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नीमच में फुटबॉल को पुनः गौरवशाली पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रशिक्षण मयंक सैनी, प्रमोद शर्मा और मटरू सैनी द्वारा दिया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। उपस्थितजनों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में धर्मगुरु पंडित जयप्रकाश शास्त्री, फादर विनोद महिड़ा और शहर काजी सद्दाम हुसैन अत्तारी की उपस्थिति ने सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। समारोह में पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू, कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, रिंकू राठौर, आशा सांभर, चंद्रशेखर शर्मा, चंद्रशेखर पालीवाल, कैलाश राठौड़, बेबी मेहरा और ओमप्रकाश राव सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

सेवादल जिला अध्यक्ष गजेंद्रसिंह यादव ने बताया कि शिविर के दौरान बच्चों को प्रशिक्षित कोचों द्वारा नियमित प्रशिक्षण दिया गया तथा उन्हें भीगे हुए चने, मूंगफली और केले जैसे पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम का संचालन पृथ्वी सिंह वर्मा ने किया।
 

संबंधित खबरे